


सिवनी। जिले में लोक परिवहन बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस लगातार सख्त नजर आ रही है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई बसों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, वहीं फर्स्ट एड बॉक्स में जरूरी दवाइयों की कमी पाई गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 41 बसों की जांच कर खामियां मिलने पर 22 हजार रुपये का सम्मिलित जुर्माना वसूला। साथ ही बस स्टाफ और चालक-परिचालकों को अग्निशमन यंत्र के उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
📞 शिकायत हेतु हेल्पलाइन:
यातायात हेल्पलाइन – 75876-33600
डायल – 112













