“जन भागीदारी सबसे दूर-सबसे पहले” अभियान 18 से शुरू होगा
—
खण्डवा//जनजातीय वर्ग के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार करने और इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार अभियान “जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय समुदायों के हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री जन धन योजना एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले की सभी जनपद पंचायतों के चयनित ग्रामों में जनपद के चयनित ग्रामों में “लाभार्थी संतृप्ति शिविर” आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार खंडवा जिले के जनजातीय बहुल 305 गांवो में ये शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में कुल 18 विभाग की 25 सेवाओं से जनजाति वर्ग के सभी ग्रामीणों को उनकी पात्रता अनुसार लाभान्वित किया किया जाएगा। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक श्री नीरज पाराशर ने बताया कि ये शिविर जिले के 305 गांवो में स्थित “आदि सेवा केंद्रों” में आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता करेंगे।








