ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

योग से स्वस्थ तन, एकाग्र मन और सशक्त राष्ट्र का संदेश: शारदा समूह में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ। अंतर्राष्ट्रीय ष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शारदा समूह द्वारा वयम् गुरुकुलम के विशाल मैदान पर सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदन के साथ हुआ। इस अवसर पर शारदा समूह की सभी संस्थाओं—वयम् गुरुकुलम, शारदा विद्या मंदिर, केशव इंटरनेशनल स्कूल, केशव विद्यापीठ तथा माँ त्रिपुरा कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं फार्मेसी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन एवं भारतीय संस्कृति का संदेश दिया।

 

योग प्रशिक्षक पीयूष जायसवाल एवं उनके सहयोगी प्रशिक्षक राजू डोडियार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रक्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। योगाभ्यास के पश्चात विद्यार्थियों ने आकर्षक सम्मोहन नृत्य के माध्यम से योग मुद्राओं की मनोहारी प्रस्तुति देकर सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन एवं ऊर्जा विशेष रूप से देखने योग्य रही।

 

इस अवसर पर शारदा समूह के संचालक श्री ओम शर्मा ने कहा कि “योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास का विज्ञान है। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए।”

 

शारदा समूह के एकेडमिक डायरेक्टर श्री सतीश निरंजनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “योग वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास का सशक्त माध्यम है। योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।”

 

कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की तथा योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को एनर्जी ड्रिंक का वितरण किया गया।

 

इस अवसर पर शारदा समूह की संचालिका श्रीमती किरण शर्मा, डॉ. खुशी शर्मा, सीईओ अंबिका टवली, विभिन्न संस्थाओं के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती प्राची चौहान द्वारा किया गया, अंत में प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम वयम् गुरुकुलम के मैदान पर सफलतापूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!