ताज़ा ख़बरें

पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, जिला कार्यालय में हुई अहम बैठक।

खास खबर

पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, जिला कार्यालय में हुई अहम बैठक।

9 और 10 मई को आयोजित होगा महाअभियान प्रशिक्षण शिविर प्रदेश के वरिष्ठ नेता उपस्थित होकर करेंगे मार्गदर्शन।

खंडवा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में 9 और 10 मई को आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में भाजपा जिला प्रभारी अंबाराम कराड़ा, पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के जिला प्रशिक्षण प्रभारी ओम सोनी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्था टोली से जुड़े कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान आगामी प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा, व्यवस्थाएं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, आवास, भोजन, पंजीयन, मंच संचालन, अनुशासन, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अंबाराम कराड़ा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और संगठनात्मक सिद्धांत भाजपा की कार्यप्रणाली की आधारशिला हैं। प्रशिक्षण वर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति और विचारधारा को समाज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संगठनात्मक दक्षता और जनसंपर्क कौशल विकसित होते हैं। वहीं ओम सोनी ने प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम में अनुशासन, समय प्रबंधन और समन्वय सबसे महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने सभी टोली प्रभारियों से जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा प्रशिक्षण को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता आती है।भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा संगठन अपने कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षित और सक्रिय रखने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। इससे कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, जनसंपर्क शैली और सामाजिक दायित्वों की बेहतर समझ मिलती है। उन्होंने कहा कि आगामी प्रशिक्षण वर्ग जिले में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बैठक में उपस्थित व्यवस्था टोली के कार्यकर्ताओं ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ सफल बनाने का भरोसा दिलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन द्वारा जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनका पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन किया जाएगा। बैठक के अंत में वरिष्ठ नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगठन हित में कार्य करने का आह्वान किया तथा प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता निर्माण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 9 व10 मई को आयोजित होगा जिसमें प्रदेश के भाजपा के वरिष्ठ जन उपस्थित होकर उपस्थित कार्यकर्ताओं का अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन करेंगे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!