
*श्रमिक शक्ति से भारत को परम वैभव तक पहुंचाने का संकल्प, भामसं बैठक में गूंजा संगठन का स्वर*
*बडगांव भीला रोड स्थित निजी होटल में हुआ आयोजन*
खंडवा//
जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ (भामसं) मध्यप्रदेश के संयुक्त महामंत्री आशीष सिंह के प्रवास के दौरान बडगांव भीला रोड परिसर में बैठक आयोजित की गई, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव मालवीय ने की। बैठक में विभिन्न यूनियनों के अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
माल्यार्पण व श्रमिक गीत से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद श्रमिक गीत प्रस्तुत किया गया। सुरेश पटेल ने श्रमिक गीत गाकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
*श्रम संहिताओं पर दिया मार्गदर्शन, आगामी रूपरेखा भी रखी*
आशीष सिंह ने अपने उद्बोधन में संगठन की रीति-नीति, श्रमिक हितों, संगठन की मजबूती एवं वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन के विषय में भी विस्तार से अवगत कराया। विभाग प्रमुख ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी पदाधिकारियों से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने किया तथा उपस्थित सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यकारिणी से संगीता यादव, प्रमोद सिंह, राधेश्याम वर्मा, निखिलेश सोहनी, सुभाष केशोरे, एन.के. सोनी, अश्विन सैनी, शीला फूलमाली,नरेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
*संगठन सुदृढ़ीकरण का लिया संकल्प*
अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।









