
ओंकारेश्वर क्षेत्र के सभी होटल व रिसॉर्ट्स में सीवेज ट्रीटमेंट व्यवस्था की जाँच के लिए दल गठित
—
खण्डवा//
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि आगामी “सिंहस्थ महापर्व-2028” को ध्यान में रखते हुए तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर एवं नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सिंहस्थ के दौरान अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना और क्षेत्र के जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त और पवित्र बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा ने ग्राम मोरटक्का से ओंकारेश्वर के बीच मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित होटलों, रिसॉर्ट्स एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के अपशिष्ट जल और सीवेज के प्रबंधन की जांच के लिए दल गठित करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह जांच दल मोरटक्का से ओंकारेश्वर एवं कोठी से सनावद के बीच मुख्य मार्ग पर स्थित और ओंकारेश्वर नगर मे स्थित सभी होटलों व रिसॉर्ट्स में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं अपशिष्ट निष्कासन की जाँच करेगा। इस संयुक्त जाँच दल की अध्यक्ष डिप्टी कलेक्टर सुश्री ममता चौहान हैं। इस जांच दल में श्रीमति मोनिका भौपचे मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओंकारेश्वर, श्री मनोज जायसवाल उप यंत्री एवं श्री दुर्गेश चौधरी, उपयंत्री को शामिल किया गया है। इस जांच दल में सहयोगी कर्मचारी के रूप मे राजस्व निरीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, पटवारी श्री गौरव सोनी, श्री अमित भोरयाले, श्री रविन्द्र अंजाना, श्री कमलेश दामोदर एवं श्री हुकुमचंद यादव
तथा श्री शंभुलाल केवट आपरेटर ओंकारेश्वर के अलावा ग्राम पंचायत मोरटक्का, मोरघडी, बिल्लौरा बुजुर्ग, कोठी और भोगावा के पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को भी शामिल किया गया है। इस जांच दल में शामिल अधिकारी कर्मचारियों को 3 दिवस मे जांच कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।








