
लायंस क्लब खंडवा ने संकल्प के साथ किया “पर्यावरण सेवा सप्ताह” का भव्य शुभारंभ

खंडवा। लायंस इंटरनेशनल के ‘वीक्स ऑफ सर्विस’ के अंतर्गत, रीजन चेयरपर्सन लायन राजीव मालवीय के दिशा निर्देशानुसार, लायंस क्लब खंडवा द्वारा अध्यक्ष आशा उपाध्याय, सचिव ओमप्रकाश अग्रवाल,कोषाध्यक्ष पवन लाड़ के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया,जिसमे सप्ताह में पौधारोपण,पूर्व में लगाये गए पौधों की देखरेख, कपड़े की थैलियों के वितरण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण व विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण पर कार्य करने का निर्णय लिया गया।नारायण बाहेती ने बताया कि सप्ताह के प्रथम दिवस पर्यावरण संरक्षण संकल्प के साथ सेवा सप्ताह का उत्साहपूर्ण आगाज किया गया।
अभियान का शुभारंभ स्थानीय लायंस भोजन सेवा केंद्र पर किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीण जनों को पर्यावरण को सुरक्षित और हरित बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष आशा उपाध्याय ने कहा कि यह केवल एक सप्ताह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य की नींव है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपाध्यक्ष व रीजन सचिव घनश्याम वाधवा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। समाजसेवी सुनील जैन ने कहा कि वर्षों से लायंस क्लब जिले में कई सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जन सेवा के कार्य करने के साथ राष्ट्रीय मिशन के कार्यों में भी पूरी तरह सहयोगी बनकर शासन प्रशासन के सामाजिक कार्यों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जल संरक्षण एवं पौधारोपण के कार्यों में लायंस क्लब अपनी भूमिका अदा करेगा इसमें सभी शामिल हो। कार्यक्रम में सचिव ओमप्रकाश अग्रवाल, नारायण बाहेती, गांधीप्रसाद गदले, प्रेमनारायण पिपलोनिया, सुनील जैन उमाशंकर उपाध्याय, सुशीला गदले, रितेश कपूर व लियो अपूर्व उपाध्याय ने अपने विचार रखे। अंत में सचिव लायन ओमप्रकाश अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
क्लब ने अपील की है कि आगामी 26 अप्रैल 2026 को होने वाली मेगा ग्रीन रैली में भी सभी नागरिक अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।












