
मरवाही में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन के जरिए व्हाट्सएप पर “सट्टा-पट्टी” संचालित कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, कपिल जनरल स्टोर के संचालक सतीश कुमार गुप्ता द्वारा अवैध रूप से सट्टा खिलाए जाने की सूचना थाना प्रभारी को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मरवाही राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना मरवाही की संयुक्त टीम ने कपिल जनरल स्टोर पर दबिश दी।
रेड के दौरान आरोपी सतीश कुमार गुप्ता (45 वर्ष, निवासी लोहारी) अपने मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप चैट में सट्टा-पट्टी लिखते हुए और रुपए का लेन-देन करते हुए पाया गया।
पुलिस ने मौके से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी लिखी पर्ची और ₹1180 नगद जब्त किया है।
पूछताछ में आरोपी ने व्हाट्सएप और पेन-पर्ची के जरिए सट्टा संचालन करना स्वीकार कर लिया है।
इस मामले में थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जीपीएम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस तरह के गैरकानूनी कार्यों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।






