
बडौद/उज्जैन
सिंहस्थ 2028 को ‘ग्रीन कुंभ’ बनाने का लक्ष्य, वार्षिक कैलेंडर जारी
उज्जैन। पर्यावरण संरक्षण को ‘युगधर्म’ मानकर कार्य कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवी संगठन ‘सृष्टि सेवा संकल्प’ की दो दिवसीय अखिल भारतीय चिंतन बैठक बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन ने आगामी वर्ष अप्रैल 26 से मार्च 27 की वार्षिक कार्ययोजना का कैलेंडर जारी किया।
उज्जैन सिंहस्थ के लिए 5 विशेष संकल्प
संगठन ने सिंहस्थ 2028 को पूर्णतः ‘इको-फ्रेंडली’ बनाने के लिए पांच स्तंभों पर कार्य करने का निर्णय लिया है। इसके तहत देशभर से स्टील की बोतलें एकत्रित की जाएंगी ताकि कुंभ में प्लास्टिक कचरा कम हो।
प्लास्टिक मुक्ति: सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी जन-जागरण चलाया जायेगा।
स्टील बॉटल बैंक: प्लास्टिक बोतलों के विकल्प के रूप में देशभर से स्टील की बोतलों का संग्रहण।
मेरा कचरा-मेरे साथ: व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए कपड़े एवं विशेष बैग निर्माण अभियान।
सिंहस्थ स्मृति लघुवन: उज्जैन की पावन मिट्टी से देशभर में लघु वनों का निर्माण
वॉटर बैंक: जल संरक्षण हेतु समाज को प्रेरित करना और शासन को रचनात्मक सुझाव देना।
वर्ष भर होंगे रचनात्मक आयोजन
अप्रैल से जून: जिला स्तरीय बैठकें, पर्यावरण संवाद और बच्चों के लिए विशेष समर कैंप आयोजित होंगे। साथ ही जून में ‘सिंहस्थ स्मृति लघुवन’ हेतु स्थान चयन और उज्जैन की पवित्र मिट्टी का पूजन किया जाएगा।
जुलाई से सितंबर: 7 जुलाई को स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसके साथ ही 1-7 जुलाई तक लघुवन निर्माण का महाअभियान चलेगा। अगस्त में ‘वृक्ष रक्षाबंधन’ और सितंबर में सदस्यता अभियान के साथ ‘वनसंचार’ कार्यक्रम होंगे।
अक्टूबर से दिसंबर: कार्यकर्ताओं के तकनीकी कौशल हेतु नर्सरी प्रशिक्षण, दीपावली पर ‘वृक्ष दीपावली’ उत्सव और दिसंबर में रायपुर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय अधिवेशन का आयोजन होगा।
जनवरी से मार्च: युवा दिवस पर मैराथन,हैकथॉन और युवा संसद जैसे कार्यक्रम होंगे। फरवरी में कार्यों की समीक्षा होगी और मार्च में ग्वालियर में आगामी चिंतन बैठक के साथ ‘वृक्ष वर्ष प्रतिपदा’ मनाई जाएगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह बैठक के समापन पर देशभर से आए प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वे इस कार्ययोजना को जन-जन तक पहुँचाएंगे। संगठन का मानना है कि इन गतिविधियों से न केवल पर्यावरण सुरक्षित होगा, बल्कि भावी पीढ़ी में भी प्रकृति के प्रति संस्कार जागृत होंगे।
जानकारी सृष्टि सेवा संकल्प के प्रदेश कोषाध्यक्ष ललित राजावत द्वारा दी गयी












