
देश का पहला प्रदेश जहां वर्ष 2012 से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से करोडो बुजुर्गों को तीर्थ के दर्शन कराए जा रहे हैं।

तीर्थ रामेश्वरम मदुराई के लिए खंडवा से ढाई सौ वरिष्ठ नागरिक हुए रवाना।
तीर्थ तीर्थ दर्शन योजना के लिए भावुक होकर बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री को दिया आशीर्वाद माना आभार।
खंडवा। आम जन मानस की यह इच्छा रहती है कि देश में स्थापित तीर्थो की वंदना करना, सक्षम और आर्थिक रूप से मजबूत लोग तो अलग-अलग तीर्थो पर जाकर वंदना दर्शन करते हैं लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण कई परिवार ऐसे हैं जो तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश एक ऐसा प्रदेश है जहां वर्षों से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से 60 साल से अधिक बुजुर्गों को देश के प्रसिद्ध तीर्थो पर ले जाकर निशुल्क वंदना दर्शन समस्त सुविधाओ के साथ कराई जा रही है, सारा खर्च सरकार उठाती है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई थी, जो मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शासनकाल में भी लगातार चल रही हें। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं लाटरी के माध्यम से चयन किया जाता हें। इस तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत बद्रीनाथ, केदारनाथ, हरिद्वार, अयोध्या, मथुरा वृंदावन, काशी, वैष्णो देवी, नागपट्टनम, द्वारकापुरी, शिरडी, सोमनाथ,जगन्नाथ पुरी, कामाख्या देवी, अजमेर शरीफ, जैन तीर्थ सम्मेद शिखर, श्रवण बेलगोला बाहुबली व अन्य तीर्थो की यात्रा स्पेशल ट्रेन के माध्यम से निशुल्क कराई जा रही है। राज्य सरकार द्वारा यात्रियों की निशुल्क यात्रा के साथ भोजन, नाश्ता, चाय, पानी, आवास एवं परिवहन की पूरी सुविधा सरकार द्वारा की जा रही हें। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कुछ स्थानों के लिए निशुल्क हवाई यात्रा भी प्रारंभ की है। विगत दिनों लगभग 800 तीर्थ यात्री अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार को तीर्थ योजना अंतर्गत रामेश्वरम एवं मदुराई यात्रा के लिए खंडवा से 250 यात्री 10 मार्च सुबह 9 बजे भारत गौरव ट्रेन से रवाना हुए। यात्रा रवाना होने के पूर्व शासकीय अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों एवं यात्रा संयोजक आईआरसीटीसी रेलवे द्वारा सभी यात्रियों का पुष्पमाला तुलसी माला एवं राम नाम दुपट्टे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में राम भजनों की प्रस्तुति भी दी गई। यात्रियों को ढोल ढमाके के साथ सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देकर विदा किया गया। दल पर्यवेक्षक जिला कोषालय के सिस्टम मैनेजर प्रफुल्ल मंडलोई, अनुरक्षक नितिन अत्रे, पीयूष गीते, राजेंद्र गौर, दिनेश मालाकार के साथ चिकित्सक डॉ.निर्मल इंदौरे, चिकित्सा सहायक दिनेश परते, पुलिस दल के गौरी शंकर उपाध्याय, कनक, गीता कनाडे, अंतिम कुशवाह, दीपक सोनटक्के को खंडवा के तीर्थ यात्रियों को सकुशल यात्रा कराने का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में यात्रा प्रभारी डिप्टी कलेक्टर दिनेश सांवले एवं वरिष्ठ लिपिक गौरीशंकर उपाध्याय हैं। इस ट्रेन में खंडवा के 250 यात्रियों के साथ ही खरगोन जिले के 200, बैतूल के 183 एवं पांढुरना के 153 यात्री भी सम्मिलित हैं। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्ध जनों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा पिछले 12 वर्षों से निशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। पिछले सप्ताह हुई अयोध्या यात्रा के बाद अब रामेश्वरम यात्रा के लिए जो तीर्थयात्री गए हैं वे रामेश्वरम एवं मदुरई यात्रा के बाद 16 मार्च को रात्रि 8:00 बजे खंडवा वापस लौटेंगे।









