ताज़ा ख़बरें

जाने-माने पत्रकार राजेश रैना और तृप्ति श्रीवास्तव सिखाएंगे पत्रकारिता के गुर

स्टेट प्रेस क्लब,मप्र का 'द जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट' कार्यक्रम 4 अगस्त खंडवा में

जाने-माने पत्रकार राजेश रैना और तृप्ति श्रीवास्तव सिखाएंगे पत्रकारिता के गुर

स्टेट प्रेस क्लब,मप्र का ‘द जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम 4 अगस्त खंडवा में

खंडवा। पत्रकार संगठनों के समवेत स्वर स्टेट प्रेस क्लब, मप्र द्वारा प्रदेश के पत्रकारों के लिए समय – समय पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती है। इसी कड़ी में मंगलवार, 04 अगस्त को खंडवा में ‘जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन गार्डन में प्रातः 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक होने वाला यह कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न होगा। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में ईटीवी – न्यूज 18 के पूर्व समूह संपादक राजेश रैना और वरिष्ठ एंकर व पत्रकार तृप्ति श्रीवास्तव पत्रकारिता के छात्रों , नवोदित और युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में खंडवा के साथ बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी के पत्रकार साथी शिरकत करेंगे।

दो चरणों में होगा कार्यक्रम

‘जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में उद्घाटन के बाद अतिथि वक्ता राजेश रैना और तृप्ति श्रीवास्तव अपना उद्बोधन देंगे। वे अपने पत्रकारिता जीवन के सफर, संस्मरण और अनुभवों से उपस्थित पत्रकार साथियों को अवगत कराएंगे। दोनों अतिथि वक्ता खासकर जर्नलिज्म के विद्यार्थियों, नवोदित और युवा पत्रकारों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें पत्रकारिता में सफलता के गुर भी बताएंगे। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सम्माननीय अतिथिगण आयोजन में पैनलिस्ट निमाड़ इलाके के 15 वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान करेंगे।

 

सीनियर ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट और मीडिया लीडर हैं राजेश रैना

सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि वक्ता राजेश रैना सीनियर भारतीय ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट और मीडिया लीडर हैं। वे लंबे समय तक Network18 ग्रुप में News18 रीजनल चैनल्स (पहले ETV न्यूज़ नेटवर्क) के ग्रुप एडिटर रहे। टेलीविज़न जर्नलिज़्म में दो दशकों से ज़्यादा के अनुभव के साथ, उन्होंने भारत के सबसे बड़े रीजनल न्यूज़ नेटवर्क में से एक के एडिटोरियल विज़न और ग्रोथ को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने अलग-अलग भारतीय भाषाओं में कई News18 चैनलों पर एडिटोरियल ऑपरेशन्स की देखरेख की है, जिसमें भरोसेमंद जर्नलिज़्म, चुनाव कवरेज, पब्लिक अफेयर्स और रीजनल न्यूज़ पर खास ध्यान दिया है।

ईटीवी – न्यूज 18 रीजनल नेटवर्क की ज़िम्मेदारी संभालने से पहले, राजेश रैना ने ETV उर्दू को सफलतापूर्वक हेड किया है।मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले, राजेश रैना कश्मीरी साहित्य और संस्कृति में अपने योगदान के लिए भी जाने जाते हैं। एक कवि और गीतकार के तौर पर, उन्होंने टेलीविज़न के ज़रिए पारंपरिक कश्मीरी लोक कला लादिशाह को फिर से ज़िंदा करने का काम किया है। उन्होंने कई कश्मीरी कविताएँ और गीत लिखे हैं।पत्रकारिता, साहित्य और सांस्कृतिक संरक्षण के उनके अनोखे मेल ने उन्हें मीडिया इंडस्ट्री और कश्मीरी समुदाय, दोनों में पहचान दिलाई है।

वरिष्ठ एंकर और पत्रकार हैं तृप्ति श्रीवास्तव

कार्यक्रम की दूसरी अतिथि वक्ता तृप्ति श्रीवास्तव बीते 20 वर्षों से टीवी और प्रिंट मीडिया में कार्यरत हैं।एंकर के बतौर देश के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल आजतक और न्यूज 24 में काम करते हुए उन्होंने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया और अलग पहचान बनाई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान बीबीसी में भी सेवाएं दी। सम सामयिक विषयों पर उनकी गहरी पकड़, तथ्यों के साथ प्रखरता से अपनी बात रखने और सवाल करने की क्षमता ने उन्हें टीवी पत्रकारिता में अलग मुकाम दिलाया। वर्तमान में वे पाञ्चजन्य पत्रिका में सलाहकार संपादक के बतौर कार्यरत हैं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!