
हल्दी-मेंहदी से सजे नंदेश्वर महादेव, आज महाशिवरात्रि पर गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’
पर्व पूर्व संध्या पर शिव विवाह की रस्म, भक्तिमय भजनों से सराबोर हुआ मंदिर परिसर
खंडवा। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर पहुंच गया है। शिवालयों में विशेष साज-सज्जा और आकर्षक विद्युत रोशनी की गई है। जसवाड़ी रोड स्थित नंदविहार कॉलोनी के श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर में भी भव्य सजावट की गई है, जहां पर्व की पूर्व संध्या पर विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए।
शनिवार को महिला श्रद्धालुओं ने भगवान नंदेश्वर महादेव को हल्दी और मेंहदी अर्पित कर शिव विवाह की पारंपरिक रस्म निभाई। इस दौरान मंदिर परिसर में महिला मंडल की मातृशक्ति ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने प्रदोष पर्व के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह जलाभिषेक से शुरुआत, दिनभर चलेगा पूजन-अर्चन महाशिवरात्रि पर रविवार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो जाएगा। प्रातःकाल भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक का दौर प्रारंभ होगा, जो दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए साबूदाने की खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
दोपहर 12 से 4 बजे तक दंपत्तियों द्वारा पंडित शुभम साध के मंत्रोच्चारण के बीच विशेष अभिषेक किया जाएगा। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजन कर परिवार की मंगलकामना करेंगे।
शाम को होगा विशेष श्रृंगार और महाआरती
शाम 4 से 6 बजे तक भगवान नंदेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार आरती के बाद नेपाल से आए अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड, मध्यरात्रि में आरती
रात्रि 9 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन मंडली द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 12 बजे भगवान नंदेश्वर महादेव की विशेष आरती उतारी जाएगी। मध्यरात्रि आरती के साथ ही महाशिवरात्रि पर्व का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा। अंत में प्रसादी वितरण किया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ नियंत्रण, जल की व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन समिति का कहना है कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नंदेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिलेगा, वहीं ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहेगा।










