ताज़ा ख़बरें

*राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में खंडवा का गौरव बढ़ा — प्रवीण शर्मा हुए सम्मानित*

खास खबर

*राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में खंडवा का गौरव बढ़ा — प्रवीण शर्मा हुए सम्मानित*
इंदौर/ खंडवा
सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान में 2 से 14 फरवरी तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्यायपीठ बाल कल्याण समिति, खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा को बाल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके संवेदनशील नेतृत्व एवं जिले में सुदृढ़ बाल संरक्षण व्यवस्था स्थापित करने के सतत प्रयासों का परिणाम है।
समापन समारोह में संस्थान की क्षेत्रीय निदेशक रीता पटनायक के साथ सहायक निदेशक भूपेंद्र दांडी एवं सहायक निदेशक भवानी शंकर सालवी ने उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य और नवाचार ही बाल अधिकारों की वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
इस अवसर पर गुजरात, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के बाल कल्याण समिति अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे। 12 दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने किशोर न्याय प्रणाली, बाल अधिकार संरक्षण, संस्थागत एवं गैर-संस्थागत देखरेख तथा व्यवहारिक चुनौतियों पर गहन अध्ययन एवं चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रवीण शर्मा ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में बाल अधिकार एवं किशोर न्याय (जे.जे. एक्ट) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने बाल संरक्षण तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित प्रयास, समयबद्ध सुनवाई, पुनर्वास योजनाओं की निगरानी तथा समुदाय की सहभागिता पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने दत्तक ग्रहण प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने परित्यक्त एवं अभिभावकहीन बच्चों की विधिक घोषणा से लेकर पंजीकरण, होम स्टडी रिपोर्ट, मिलान प्रक्रिया तथा न्यायिक अनुमोदन तक की संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया को सरल एवं स्पष्ट रूप में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित प्रतिभागियों एवं अधिकारियों द्वारा अत्यंत सराहा गया।
अपने संबोधन में प्रवीण शर्मा ने कहा कि “हर बच्चे को सुरक्षा, शिक्षा और परिवार का स्नेह मिलना उसका मूल अधिकार है। बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह तंत्र ही सशक्त समाज की आधारशिला है।”
यह सम्मान खंडवा जिले के लिए गर्व का क्षण है और बाल अधिकारों की दिशा में निरंतर किए जा रहे प्रयासों को नई प्रेरणा प्रदान करेगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!