ताज़ा ख़बरें

*स्वामी विवेकानंद जयंती पर ‘रन फॉर स्वदेशी’, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प—खंडवा से गूंजा स्वदेशी का उद्घोष*

खास खबर

*स्वामी विवेकानंद जयंती पर ‘रन फॉर स्वदेशी’, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प—खंडवा से गूंजा स्वदेशी का उद्घोष*
खंडवा। राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित ‘रन फॉर स्वदेशी’ / ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ ने खंडवा को राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भरता और युवा चेतना के रंग में रंग दिया। बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और समाजजनों की सहभागिता के साथ यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक बना।
कार्यक्रम को जनजाति कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह एवं प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन तन्वे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को प्रशासनिक समर्थन प्रदान किया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जगदीश पटेल, ब्लॉक समन्वयक राजकुमार मालाकार तथा जिला शिक्षा अधिकारी पी.एस. सोलंकी भी मंचासीन रहे।
स्वदेशी जागरण मंच, मालवा प्रांत, जिला खंडवा के जिला संयोजक प्रवीण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं को राष्ट्र-निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति मानते थे। उनका ओजस्वी संदेश— “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको”—आज के युवाओं के लिए आत्मविश्वास, साहस और कर्तव्यबोध का अमोघ मंत्र है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं के उपभोग का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र के आर्थिक स्वाभिमान, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का आधार है।
प्रवीण शर्मा ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में स्वदेशी को अपनाना केवल विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है। स्थानीय उत्पादन, स्थानीय नवाचार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देकर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।
आयोजन के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया गया कि वे स्वदेशी को अपने जीवन का संकल्प बनाएं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनें।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन संदीप जोशी ने किया, जबकि आभार जिला शिक्षा अधिकारी पी.एस. सोलंकी ने व्यक्त किया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!