
शहर के भैरव मंदिरों में मनेगी भैरव अष्टमी।
पूजन, अभिषेक, श्रृंगार, हवन के साथ होंगे भंडारे।
खंडवा। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शहर के भैरव मंदिरों में काल भैरव अष्टमी बड़े ही धार्मिक उल्लास के साथ अगहन कृष्ण पक्ष की अष्टमी बुधवार को भैरव अष्टमी मनाई जाएगी। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इंदौर रोड स्थित काल भैरव मंदिर, रामगंज जुना राम मंदिर के सामने बटुक भैरव मंदिर, घंटाघर स्थित बडकेश्वर काल भैरव मंदिर, जिला अस्पताल के सामने लायंस भवन के पास भैरव मंदिर, माता चौक और जसवाड़ी रोड स्थित रामनगर में स्वयंभू भैरव मंदिर में पूजा अर्चना के पश्चात कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन होगा। रामनगर स्थित मंदिर में प्रात: 7 बजे भैरव बाबा का अभिषेक, 8 बजे विशेष श्रृंगार, 9 बजे हवन, छप्पन भोग के साथ दोपहर प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। घंटाघर स्थित काल भैरव मंदिर में भी प्रात: अभिषेक पूजन, हवन के साथ बच्चों द्वारा शाम को केक काटकर भैरव बाबा की जन्म जयंती मनाकर प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इंदौर नाका स्थित महाकाल भैरव मंदिर में भी भैरव अष्टमी
मनाई जाएगी यहां पर भैरव बाबा की आकर्षक चमत्कारी खडगासन प्रतिमा स्थापित है प्रतिदिन मंदिर में पूजा अर्चना के साथ आरती में श्रद्धालु उपस्थित होते हैं। बड़ी संख्या में भैरव अष्टमी पर श्रद्धालु उपस्थित होकर बाबा के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण करते हैं। मंदिर के पुजारी नानू बाबा एवं इंदू पवार ने सभी भक्तों को आमंत्रित करते हुए बताया कि भैरव अष्टमी बुधवार को प्रातः 4:00 बजे बाबा का अभिषेक एवं श्रृंगार एवं प्रातः 9:00 बजे सभी के कल्याण हेतु हवन एवं 11:00 बजे से भंडारा आयोजित होगा।









