
आगामी नवदुर्गा एवं दशहरा उत्सव के अवसर पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर डीआईजी खरगोन द्वारा ली गई बैठक
खंडवा,
दिनांक// पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड रेंज खरगोन श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम खंडवा मे आगामी नवदुर्गा एवं दशहरा उत्सव को लेकर बैठक आयोजित की गई| इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारनेकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव कुमार बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल सिंह चौहान, एसडीओपी मूंदी श्री मनोहर गवली, एसडीओपी हरसूद श्री लोकेंद्र सिंह ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री महेश दुबे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल कुमार राय एवं खंडवा जिले के समस्त थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी तथा जिला विशेष शाखा प्रभारी बैठक मे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीआईजी निमाड रेंज द्वारा जिले मे नवदुर्गा उत्सव, गरबा, चुनरी यात्रा, आरएसएस पथ संचलन, रावण दहन, नव दुर्गा विसर्जन, चल समारोह आदि कार्यक्रमों के दौरान कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारों तथा थाना व चौकी प्रभारियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए बाउन्ड ओवर की कार्यवाही की जाए| थाना एवं बीट स्तर पर शांति समिति / मोहल्ला समिति की बैठक के साथ-साथ दुर्गा पांडाल आयोजकों की बैठक लेकर त्योहार को शांति एवं सौहार्द पूर्वक मनाने के निर्देश दिए गए| दुर्गा पांडलों मे सुरक्षा व्यवस्था हेतु सीसीटीव्ही लगाने तथा वॉलेंटियर्स रखने के निर्देश दिए गए| दुर्गा पंडाल मे लगे बिजली कनेक्सन चेक किया जाए कि कोई भी खुली तार ना रहे| अग्नि दुर्घटना एवं विद्युत दुर्घटना से बचाव की समुचित व्यवस्था की जाए| विसर्जन स्थल पर समुचित प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीव्ही व गोताखोर की व्यवस्था संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित की जाए| साथ ही सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने स्टाफ के साथ दुर्गा उत्सव पर्व के दौरान सतत रूप से भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया प्लेट फार्म पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए, आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने वालो के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जाए। विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार से आपत्तिजनक नारे ना लगाने तथा आपत्तिजनक गाने का उपयोग ना करने के निर्देश किए गए| लाउडस्पीकर/डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित है| अनुमति लेकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों मे केवल दो बॉक्सो का नियमानुसार उपयोग किया जाए। गरबा पंडाल मे भड़काऊ एवं फिल्मी गानो के स्थान पर परंपरागत गाने बजाने के निर्देश दिए गये है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा खंडवा शहर मे महिलाओ की सुरक्षा हेतु दुर्गावाहिनी का गठन किया गया है, दुर्गवाहिनी प्रभारी अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख स्थानों एवं प्रमुख पंडालों का भ्रमण कर महिलाओ की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।











