ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

12 जून को विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला श्रम पदाधिकारी कार्यालय डिंडौरी द्वारा एनजीओ प्रदीपन के सहयोग से बालश्रम जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

विश्व बालश्रम निषेध दिवस पर डिंडोरी में जनजागरण अभियान आयोजित

डिंडौरी : 13 जून, 2025

12 जून को विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला श्रम पदाधिकारी कार्यालय डिंडौरी द्वारा एनजीओ प्रदीपन के सहयोग से बालश्रम जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।इस अभियान का उद्देश्य जिले में बालश्रम के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

अभियान के तहत जिला श्रम विभाग की टीम एवं एनजीओ प्रदीपन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों, ढाबों, दुकानों और निर्माण स्थलों का भ्रमण कर वहां कार्यरत बच्चों की जानकारी ली तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को बालश्रम कानूनों की जानकारी दी। साथ ही, बालश्रम में संलिप्त बच्चों के पुनर्वास व शिक्षा हेतु शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शन, जनसंवाद और पम्पलेट वितरण जैसे माध्यमों से आमजन को यह संदेश दिया गया कि बालश्रम न केवल एक कानूनी अपराध है बल्कि यह बच्चों के भविष्य को अंधकारमय भी बनाता है। लोगों को बताया गया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से श्रम कराना कानूनन प्रतिबंधित है और दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान मालिकों पर दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है।

इस अवसर पर ’जिला श्रम पदाधिकारी ने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चा शिक्षा पाए, सम्मान के साथ जीवन जिए और उसका बचपन सुरक्षित रहे।“

एनजीओ प्रदीपन के प्रतिनिधियों ने भी बालश्रम उन्मूलन के लिए समुदाय की भूमिका पर बल दिया और लोगों से आह्वान किया कि बालश्रम की किसी भी घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें।

अभियान में स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग समेत कई अन्य विभागों की सहभागिता रही। जनजागरण अभियान को स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सराहा और बालश्रम उन्मूलन में सहयोग देने का संकल्प लिया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!