
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई क्षति की राहत राशि ट्रांसफर की
खंडवा 8 अगस्त 2025, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को प्रदेश में प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई विभिन्न क्षतियों जैसे जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति एवं अन्य क्षति के लिये प्रभावितों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राहत राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास भोपाल स्थित समत्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राहत राशि ट्रांसफर की। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा भी की।
खंडवा कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्री एस. आर. सोलंकी एवं राहत राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहीगण मौजूद थे। संयुक्त कलेक्टर श्री सोलंकी ने बताया कि आज आयोजित कार्यक्रम में खंडवा जिले के 57 हितग्राहियों के खाते में कुल 14 लाख 17 हजार 700 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए हैं।