वर्ष 2024-25 की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के अनुत्तीर्ण विषयों की परीक्षा देने अथवा अंक सुधार के लिए द्वितीय परीक्षा का आयोजन
📝 खरगोन से अनिल बिलवे की रिपोर्ट…
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा वर्ष 2024-25 की परीक्षा पद्धति में कुछ संशोधन किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार कानूडे ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा अब तक आयोजित होने वाली पूरक परीक्षा के स्थान पर अनुत्तीर्ण विषयों एवं अंक सुधार के लिए द्वितीय परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विद्यार्थियों को एमपी ऑनलाइन के कियोस्क पर अपनी मुख्य परीक्षा के परीक्षाफल के आधार पर द्वितीय परीक्षा के लिए विषय, रोल नंबर की जानकारी देकर ऑनलाइन परीक्षा आवेदन भरना होगा। द्वितीय परीक्षा में छात्रों को अनुत्तीर्ण विषयों का चयन करना अनिवार्य है, परंतु उत्तीर्ण विषयों का चयन स्वैच्छिक है।
परीक्षा कंट्रोल रूम प्रभारी हबीब बेग मिर्जा ने बताया कि वर्ष 2025 की हाई स्कूल द्वितीय परीक्षा का आयोजन 17 जून 2025 से 26 जून 2025 तक एवं हायर सेकेंडरी की द्वितीय परीक्षा का आयोजन 17 जून 2025 से 5 जुलाई 2025 तक प्रातः 9:00 से 12:00 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जावेगा। 2024-25 की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा के लिए एमपी ऑनलाइन के पोर्टल के माध्यम से 7 मई 2025 से 21 मई 2025 रात्रि 12:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन आवेदन भरे जा सकेंगे। अधिक जानकारी परीक्षा कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार कानुडे ने जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्य एवं विद्यालय के प्राचार्यों को सूचित किया है कि यह जानकारी समस्त विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए एवं जो विद्यार्थी इसमें आवेदन करना चाहता है उन्हें मार्गदर्शन दें।