निमरानी क्षेत्र की अक्षत एग्रो मिंलिंग कंपनी से लिए गए खाद्य सामग्री के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजे गए
📝खरगोन से अनिल बिलवे की रिपोर्ट /
आमजन को मिलावट रहित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर निरंतर कार्यवाही कर खाद्य सामग्री के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के औद्योगिक क्षेत्र निमरानी में आटा निर्माण ईकाईयों को औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एचएल आवास्या ने बताया कि निमरानी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित आटा निर्माण ईकाईयों में मिलावट किये जाने की शिकायत प्राप्त होने पर 25 फरवरी को छापामार कार्यवाही की गई है। इस कार्यवाही के दौरान औद्योगिक क्षेत्र निमरानी में स्थित आटा निर्माण करने वाली ईकाई अक्षत एग्रो मिंलिंग कंपनी प्रायवेट लिमिटेड का औचक निरीक्षण कर, खाद्य पदार्थ रवा, आटा, सुजी एवं मैदा के नमूने एकत्र कर जॉच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भोपाल को भेंजे गये है।
प्रयोगशाला जांच में खाद्य सामग्री के नमूने अमानक पाये जाने पर संबंधित निर्माण इकाई के विरूद्व खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैद्यानिक कार्यवाही की जावेगी। इस कार्यवाही मे श्री एच.एल. आवास्या मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं श्री आर. आर. सोलकी खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।