ताज़ा ख़बरें

बेनीगंज में गौवंश पर हंसिया से हमला करने का आरोप, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर

बेनीगंज, हरदोई उत्तर- प्रदेश

बेनीगंज में गौवंश पर हंसिया से हमला करने का आरोप, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर

.

#हरदोई: एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा गौसंरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और गौवंशों की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों द्वारा गौवंशों के प्रति क्रूरता बरतने के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के ग्राम ढकोना से प्रकाश में आया है, जहां एक ग्रामीण ने पड़ोसी पर उसकी गाय पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत ki है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिवंश पुत्र वेदनाथ यादव, निवासी ग्राम ढकोना ने कोतवाली बेनीगंज में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके मकान के सामने परिवार के ही विजय पुत्र मूलचंद यादव का खेत स्थित है। आरोप है कि विजय द्वारा खेत की मेड़ पर ब्लेडयुक्त तार लगाए गए हैं, जो मकान के मुख्य रास्ते के समीप होने के कारण परिवार के सदस्यों के लिए खतरा बने हुए हैं। आवागमन के दौरान किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

पीड़ित के अनुसार 12 जून 2026 को शाम लगभग 5 बजे विजय का पुत्र अंशुल खेत में हंसिया से चारा काट रहा था। इसी दौरान उसकी गाय, जिसने लगभग पांच दिन पूर्व ही बछड़े को जन्म दिया था, खूंटे से छूटकर किसी तरह खेत की ओर चली गई। आरोप है कि गाय को खेत में देखकर अंशुल आवेश में आ गया और उसने लोहे की धारदार हंसिया से गाय पर कई वार कर दिए।

हरिवंश का कहना है कि हमले में उसकी गाय गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसे काफी पीड़ा और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में गौवंशों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता व्याप्त है।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में गौवंशों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है।

#रिपोर्ट: विवेक कुमार 

8400440135

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!