
परमा एकादशी के अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने की गोवर्धन परिक्रमा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु व क्षेत्र के विकास जनकल्याण की कामना की
खंडवा। अपने जन्मदिन के पूर्व विगत दिवस खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने अवधूत संत श्री दादागुरु जी एवं श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर परम पूज्य सत्यप्रिया गिरि दीदी जी के सान्निध्य में परमा एकादशी व्रत (अधिक मास की कृष्ण पक्ष एकादशी) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के वृंदावन एवं गोवर्धन धाम में धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
सनातन धर्म में परमा एकादशी को अत्यंत पुण्यदायी एवं मोक्षदायिनी एकादशी माना जाता है। इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की।
विधायक श्रीमती तनवे ने अवधूत संत श्री दादागुरु जी एवं परम पूज्य सत्यप्रिया गिरि दीदी जी के साथ नंगे पैर गोवर्धन परिक्रमा कर भगवान श्रीकृष्ण से देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा उनकी दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के लिए यह आध्यात्मिक साधना एवं प्रार्थना समर्पित है।
इस दौरान संतजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर विधायक श्रीमती तनवे ने धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।








