
छपारा नगर में चैत्र नवरात्रि का समापन बेहद श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ हुआ। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के बाद नगर में आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
खैरमाई मढ़िया मंदिर से 137 कलशों और ज्वारों की भव्य शोभायात्रा बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़ों और जय माता दी के जयकारों के साथ निकाली गई।
यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—बस स्टैंड और शंकर मढ़िया मार्ग से होते हुए बैनगंगा नदी तट तक पहुंची।
नदी तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात ज्वारों और कलशों का विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए भक्त भी शामिल हुए।
नौ दिनों तक उपवास और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना करने वाले भक्तों ने नम आंखों से मां को विदाई दी।
यह आयोजन छपारा में आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा की एक सुंदर और प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया।












