
सिवनी। नगर पालिका क्षेत्र के शास्त्री वार्ड में गुरुवार को नल लाइन की खुदाई के दौरान एक हृदय विदारक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में जल विभाग के कर्मचारी एवं वार्ड निवासी श्री शकील खान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शास्त्री वार्ड में पाइपलाइन डालने के लिए खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक दुर्घटना घटित हो गई, जिसमें शकील खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दुखद घड़ी में प्रशासन ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
जनप्रतिनिधि द्वारा दिवंगत के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।













