
सिवनी – नवागत पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने शनिवार को सिवनी जिला के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान नवागत एसपी श्री कृष्ण लालचंदानी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा तथा आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। थाना स्तर पर आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
एसपी श्री कृष्ण लालचंदानी ने साइबर अपराध, नशे के अवैध कारोबार, यातायात व्यवस्था और संगठित अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सिवनी पुलिस नई कार्यशैली, अनुशासन और आधुनिक पुलिसिंग के साथ कार्य करेगी। आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। नवागत एसपी के आगमन से जिले के पुलिस विभाग में नई ऊर्जा और बेहतर कार्यप्रणाली की उम्मीद जताई जा रही है।












