छपारामध्यप्रदेशसिवनी

सुकरी–थांवरी मार्ग पर अधूरा पुलिया निर्माण, घटिया गुणवत्ता के आरोप से ग्रामीणों में आक्रोश


सिवनी/छपारा। केवलारी विधानसभा क्षेत्र में एक ओर जहां नए सड़क मार्गों की स्वीकृति से विकास की उम्मीदें बढ़ी हैं, वहीं दूसरी ओर छपारा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुकरी से थांवरी मार्ग पर निर्माण कार्य की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब दो वर्षों से सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है। बताया जा रहा है कि पुलिया में 8 एमएम की सरिया लगभग 2 फीट की दूरी पर लगाई गई, जो निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क महज दो महीने में ही उखड़ने लगी है।

जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार राहुल राय द्वारा पुलिया निर्माण कार्य रातों-रात जल्दबाजी में शुरू कराया गया और मात्र दो दिनों में आधा-अधूरा काम कर छोड़ दिया गया। पिछले चार महीनों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है।

बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी पुलिया और खराब सड़क के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।

ग्रामीण मस्तराम कुमार, राजेश परते, आदिल खान, सुनील परते, ब्रजेश, रामकुमार एवं प्रदेश उइके सहित अन्य लोगों ने कहा कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के कारण आम जनता परेशान हो रही है और जिम्मेदार अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!