छपारामध्यप्रदेशसिवनी

खबर का हुआ असर, सुकरी से थांवरी मार्ग की अधूरी सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य शुरू किया गया


सिवनी/छपारा। केवलारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुकरी से थांवरी मार्ग पर अधूरी पुलिया और खराब सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। करीब दो वर्षों से सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया में 8 एमएम की सरिया लगभग 2 फीट की दूरी पर लगाई गई, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही सड़क निर्माण में भी घटिया सामग्री उपयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी।

जानकारी के मुताबिक इस सड़क निर्माण कार्य के लिए लगभग 1.88 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। बावजूद इसके निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार राहुल राय द्वारा पुलिया निर्माण कार्य जल्दबाजी में कराया गया और अधूरा छोड़ दिया गया। पिछले कई महीनों से काम पूरी तरह बंद पड़ा था।

बरसात के मौसम में अधूरी पुलिया के कारण ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि खराब सड़क और अधूरे निर्माण से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की थी।
ग्रामीण मस्तराम कुमार, राजेश परते, आदिल खान, सुनील परते, ब्रजेश, रामकुमार एवं प्रदेश उइके सहित अन्य लोगों ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच की मांग उठाई।

वहीं, खबर प्रकाशित होने के बाद निर्माण एजेंसी और ठेकेदार राहुल राय द्वारा पुलिया निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है। हालांकि ग्रामीणों ने मांग की है कि कार्य केवल पूरा ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता के साथ कराया जाए ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!