मध्यप्रदेशसिवनी

आगामी पर्वों को लेकर सिवनी में शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश

सिवनी। आगामी धार्मिक पर्वों एवं आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने की।

बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा, जिले के समस्त एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, नगरपालिका अधिकारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, शांति समिति सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद), उर्स एवं संदल कार्यक्रम, महाराणा प्रताप जयंती और मोहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने कहा कि सिवनी जिले में सभी धार्मिक आयोजन हमेशा भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ सम्पन्न होते रहे हैं। उन्होंने नगरपालिका को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कचरा निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं यातायात विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने सभी समुदायों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं बंद परिसरों में ही की जाए और सार्वजनिक स्थलों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ईदगाहों में नमाज के दौरान पर्याप्त वॉलिंटियर्स तैनात किए जाएंगे।

एसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि साइबर सेल द्वारा 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्वों के दौरान जिलेभर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं शांति समिति सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 75876-22616 अथवा डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!