
स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय हरसूद का वार्षिक सम्मेलन संपन्न
—
खण्डवा//
प्रदेश के जनजाति कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय हरसूद का वार्षिक सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. जयेश वैष्णव ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अश्विनी शर्मा जी एवं एसडीएम हरसूद श्री आर.सी. खेतड़िया भी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डॉक्टर विजय शाह ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान खेलकूद एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूँजी है। उन्होंने महाविद्यालय के विस्तार और छात्र सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कृतसंकल्पित है। हरसूद क्षेत्र में सभी विभागों द्वारा विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में एकल गायन की विजेता नेहा साध को प्रस्तुति पर 11 हजार से एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति करने वाली 9 छात्राओं को 5-5 हजार की राशि एवं प्रशिक्षक प्रो पार्वती अहिरवार को भी 5 हजार राशि से पुरस्कृत किया। एसडीएम श्री आर.सी. खेतड़िया एवं अन्य अतिथियों ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। प्राचार्य डॉ जयेश वैष्णव ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।





