
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कटनी – विकासखंड बड़वारा के ग्राम बम्हनगवां की निवासी द्रोपती पटेल पति ओमप्रकाश पटेल ने वर्ष 2021-22 में कृषि अभियांत्रिकी जबलपुर से सहायता एवं अनुदान की मदद से कस्टम हायरिंग केन्द्र की स्थापना कर सालाना 50 हजार रूपये की अतिरिक्त आय अर्जित कर रही है। इसके तहत उन्हें एक ट्रैक्टर, थ्रेसर, रोटावेटर आदि उपकरण उपलब्ध कराया गया था। जिसे वे किसानों को सशुल्क किराये पर उपलब्ध कराकर हर साल करीब 50 हजार रूपये की अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रही हैं। आज वे न केवल स्वयं एक सफल उद्यमी हैं बल्कि औरों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार दे रही हैं।
द्रोपती बताती हैं कि मुझे कृषि अभियांत्रिकी जबलपुर विज्ञान केन्द्र द्वारा कस्टम हायरिंग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सहायता के रूप में 5 लाख रूपये का अनुदान मिला था। इन कृषि उपकरणों की सहायता से मैं अपना कृषि कार्य तो करती ही हूँ साथ ही जरूरतमंद किसानों को सशुल्क उपलब्ध कराकर सालाना 50 हजार रूपये की आमदनी अर्जित कर रही हूँ।
द्रोपती ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं शिक्षित बेरोजगार युवाओं को न केवल आत्म निर्भर बनाने के लिए काफी उपयोगी है बल्कि सुदृढ भारत के निर्माण लिए मददगार साबित हो रही है।











