
हमीरपुर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर यमुना और बेतवा नदी के संगम तट पर हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया, जिन्होंने पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है। एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर पालिका के कर्मचारी भी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है।
यमुना-बेतवा संगम पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है
संगम तट पर पूजा सामग्री की दुकानें भी सजी हुई हैं, जहां से श्रद्धालु पूजन के लिए आवश्यक सामग्री खरीद रहे हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव का धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश होता है। इस दिन किए गए दान-पुण्य और सूर्य देव की पूजा का विशेष महत्व है। विशेषज्ञों के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में सूर्य ग्रह कमजोर है, उन्हें इस दिन किए धार्मिक कार्यों से विशेष लाभ प्राप्त होता है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यमुना-बेतवा संगम पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और दिनभर यह क्रम जारी रहने की संभावना है।