
झारखंड : गुमला के भरनो के लोंगा गांव में बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। घर के पास बने खुले शौचालय टैंक में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 साल के अरमान अंसारी और 5 साल के जैद अंसारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे निर्माणाधीन शौचालय टैंक के पास पहुंच गये। टैंक खुला था और लगातार बारिश से उसमें पानी भर चुका था। इसी दौरान दोनों उसमें गिर गये और डूब गये। काफी देर तक बच्चे नजर नहीं आये तो परिजनों ने तलाश शुरू की। टैंक के पास उनकी चप्पल मिली। शक होने पर ग्रामीणों ने टैंक में खोजबीन की। दोनों बच्चों के शव बरामद होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में मातम है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानेदार संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक मौत डूबने से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।












