
आशापुर से ओंकारेश्वर तक निकली भव्य नर्मदा चुनरी यात्रा, मां नर्मदा को अर्पित की चुनरी।

चतुर्थ वर्ष भी कुंवर दिव्यादित्य शाह के नेतृत्व में हुआ आयोजन; हरसूद विधानसभा से हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, सुख-समृद्धि की कामना की
खंडवा। मां नर्मदा के प्रति आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम बुधवार को देखने को मिला। जिला पंचायत उपाध्यक्ष कुंवर दिव्यादित्य विजय शाह के नेतृत्व में मां नर्मदा की भव्य चुनरी यात्रा का लगातार चौथे वर्ष आयोजन हुआ। विश्व में शांति एवं क्षेत्र की सुख समृद्धि और खुशहाली के लिए आशापुर माता मंदिर से शुरू हुई यात्रा में हरसूद विधानसभा क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि श्रवण के इस पवित्र माह में दिव्या दित्य शाह एवं श्रद्धालुओं द्वारा निकाली गई चुनरी यात्रा में श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए ओंकारेश्वर पहुंचे और मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
25 पड़ावों से होकर पहुंची यात्रा
चुनरी यात्रा आशापुर माता मंदिर से रवाना होकर निर्धारित मार्ग के 25 पड़ावों से गुजरते हुए ओंकारेश्वर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल रहे। रास्तेभर मां नर्मदा के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह पर चुनरी यात्रा का स्वागत भी हुआ।
ओंकारेश्वर पहुंचकर अर्पित की चुनरी
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि यात्रा के ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद विधि-विधान से मां नर्मदा को चुनरी अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने मां से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
संत-महंत और भाजपा नेताओं ने की सहभागिता
आयोजन में राष्ट्रीय संत श्री बच्चा जी महाराज, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष दिव्यादित्य शाह खंडवा की पूर्व महापौर भावना शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष सोनी, सुनील जैन, कमल खंडेलवाल, महेंद्र राजपूत, नर्मदाप्रसाद तंवर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।
चौथे वर्ष भी दिखा उत्साह
कुंवर दिव्यादित्य शाह मित्र मंडल के इस आयोजन में लगातार चौथे वर्ष श्रद्धालुओं की बड़ी सहभागिता रही। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि मां नर्मदा के प्रति आस्था और समर्पण का यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक बन गया है।












