
विश्व मांगल्य सभा के तत्वावधान में रामनगर के राम मंदिर में रुद्राभिषेक एवं हरियाली तीज का आयोजन।
खंडवा। विश्व मांगल्य सभा के तत्वावधान में सावन सोमवार के अंतिम सोमवार के अवसर पर रामनगर स्थित राम मंदिर में रुद्राभिषेक एवं शिवार्चना पाठ और हरियाली तीज का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समाज सेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की धर्मपत्नी जयश्री ज्ञानेश्वर पाटिल एवं विधायक कंचन मुकेश तन्वे अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ममता बोरसे ने किया, जबकि शक्ति गान श्रीमती स्वप्निल जैन ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर इंदौर में आयोजित प्रांतीय बैठक में घोषित कार्यसमिति के दायित्वों की जानकारी भी दी गई। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इसमें जनप्रतिनिधि परिवार मालवा प्रांत संयोजिका— जयश्री ज्ञानेश्वर पाटिल, कार्यक्रम संयोजक—ममता बोरसे, धर्म विभागसंयोजिका भारती पाराशर, स्वनाथ योजना एवं बाल सभा विभाग मालवा प्रांत संयोजक स्वप्निल जैन तथा सह-संयोजक श्रीमती किरण रायकवार को दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती जयश्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि विश्व मांगल्य सभा का उद्देश्य मां से जुड़ा है। मां का व्यवहार, भाषा और संस्कार बच्चों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालते हैं। यदि मां की भाषा और आचरण अच्छे होंगे तो बच्चे भी उन्हें देखकर सीखेंगे। उन्होंने मातृशक्ति से संस्कारवान और सशक्त समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने कहा कि वे स्वयं भी एक मां हैं और माताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपनी संतानों को धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ें। ममता बोरसे ने अपने संबोधन में कहा—“जय भारत, जय विश्वगुरु, जय-जय उनकी मां, जय-जय उनकी संतानें, जय-जय उनकी मां।” उन्होंने मातृशक्ति को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों की संवाहक बताया।
कार्यक्रम में मधु चौरसिया, पार्षद डिंपल चौरसिया, किरण दांगोरे, लक्ष्मी जी, रुक्मणी जी, प्रमिला उतारकर, शारदा तांदले सहित रामनगर की मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही।
कार्यक्रम का संचालन ममता बोरसे ने किया तथा आभार प्रदर्शन पार्षद डिंपल पुनीत चौरसिया ने किया।












