
विकास कार्यों में लापरवाही पर विधायक कंचन तनवे सख्त, अधूरे कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

खंडवा। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता को लेकर विधायक कंचन मुकेश तनवे लगातार क्षेत्र का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में ग्राम सहेजला में खंडवा जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह जी के सुपुत्र दिव्यादित्य शाह जी द्वारा मां आशादेवी मंदिर से भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं मां नर्मदा जी तक आयोजित भव्य सुनारी यात्रा का विधायक कंचन तनवे एवं उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया।
इसके पश्चात विधायक तनवे ग्राम पीपलकोटा पहुंचीं, जहां करीब एक माह पूर्व उनके द्वारा सी.सी. रोड के निर्माण का भूमिपूजन किया गया था। मौके पर निरीक्षण के दौरान सड़क का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी से फोन पर चर्चा कर कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। मौके पर गिट्टी, रेत एवं सीमेंट सामग्री पहुंची हुई थी।
इसके बाद विधायक ने ग्राम पीपलकोटा स्थित स्कूल परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाउंड्रीवाल का निर्माण रिकॉर्ड में पूर्ण दर्शाए जाने के बावजूद मौके पर कार्य अधूरा पाया गया। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी विधायक ने नाराजगी व्यक्त की।
विधायक तनवे ने तत्काल संबंधित अधिकारी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और सचिव के संबंध में जानकारी ली। अधिकारी द्वारा सचिव का मोबाइल बंद होने की जानकारी देने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “अधिकारी का मोबाइल बंद है, जबकि हमारा मोबाइल 24 घंटे जनता के लिए चालू रहता है।” उन्होंने सचिव के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा बाउंड्रीवाल के निर्माण की जांच कराकर उसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति कार्य में लापरवाही या अनियमितता का दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल तोमर,
जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, खंडवा जनपद पंचायत पूर्व अध्यक्ष राजपाल चौहान, जिला उपाध्यक्ष तपन डोंगरे, मंडल अध्यक्ष हरीश सेन, दीपक राठौड़, भरत पटेल, पप्पू जादम, हरिओम विश्वकर्मा,सरपंच प्रतिनिधि मुरली जलोदिया, दुर्गेश शर्मा , जितेंद्र सावनेर उपस्थित रहे।










