ताज़ा ख़बरें

जावर उद्धवहन सिंचाई योजना की अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने महापौर अमृता अमर यादव से लगाई गुहार।

खास खबर

जावर उद्धवहन सिंचाई योजना की अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने महापौर अमृता अमर यादव से लगाई गुहार।

खण्डवा। विधानसभा खंडवा के रणगाँव, ढोरानी, बड़गाँवमाली एवं रूधी ग्राम के प्रवास के दौरान खण्डवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव से ग्रामीणों ने जावर उद्धवहन सिंचाई योजना में हो रही गंभीर अनियमितताओं की शिकायत करते हुए किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही जावर उद्धवहन सिंचाई योजना का उद्देश्य किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है, लेकिन आज तक योजना का लाभ अधिकांश किसानों को नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों का कहना था कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई गई है, वहां खेतों तक पानी पहुंचाने के बजाय पानी नालों में छोड़ा जा रहा है, जबकि कई गांव अब भी इस योजना के लाभ से वंचित हैं। किसानों ने महापौर से आग्रह किया कि उनकी पीड़ा एवं मांग को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचाया जाए, ताकि योजना की जांच कर किसानों को न्याय मिल सके।
समाज सेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर अमृता अमर यादव ने मौके पर ही जावर उद्धवहन सिंचाई योजना के प्रोजेक्ट मैनेजर से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा योजना में सामने आ रही समस्याओं के संबंध में जवाब-तलब किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही कलेक्टर से इस विषय पर चर्चा करेंगी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्रामीणों की मुलाकात कराने का भी प्रयास करेंगी, ताकि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

महापौर ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचना चाहिए। यदि योजना के क्रियान्वयन में कहीं भी लापरवाही या अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी आवाज शासन के सर्वोच्च स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि
इस अवसर पर महापौर अमृता यादव के साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रियांशु चौरे, किसान मोर्चा के महामंत्री एवं क्षेत्रीय सरपंच अर्जुन सोलंकी, राहुल मंडवाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष वरुण भंवरे, रोशनी गोलकर, स्नेहा पाराशर, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह झाला, गोविंद वर्मा, भानु पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!