
*₹843 लाख के 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन, खंडवा के विकास को मिलेगी नई गति*

मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण, सड़क-नाली एवं सामुदायिक भवनों के होंगे कार्य
खंडवा, 15 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत बुधवार को नगर पालिक निगम खंडवा के विभिन्न वार्डों में कुल ₹843 लाख की लागत से होने वाले 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेंद्र लोधी, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, विधायक श्रीमती छाया मोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*भारत माता के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी मंचासीन अतिथियों ने विधिवत पूजन-अर्चन किया और सांकेतिक रूप से फावड़ा चलाकर विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न किया। अतिथियों ने विकास कार्यों के विवरण वाले बोर्ड का पर्दा हटाकर कार्यों का औपचारिक शुभारंभ भी किया।
*इन ₹843 लाख के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन*
मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 47 रामेश्वर वार्ड में प्राचीन कुंड रामेश्वर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹260 लाख, वार्ड क्रमांक 10 संत रैदास वार्ड में मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा राजा हरिश्चंद्र मुक्ति धाम के कार्य के लिए ₹255 लाख, वार्ड क्रमांक 27 दादाजी वार्ड में दादाजी मंदिर स्थित गणेश गौशाला चौराहा सौंदर्यीकरण के लिए ₹77 लाख, वार्ड क्रमांक 15 गुरु नानक वार्ड में माखनलाल चतुर्वेदी पुराने बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण के लिए ₹51 लाख तथा वार्ड क्रमांक 30 भैरुतालाब वार्ड में पदम कुंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹140 लाख के कार्य किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 26 स्व. प्रभचंद जैन वार्ड में सीसी रोड, वार्ड क्रमांक 24 कुंडलेश्वर वार्ड में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 27 दादाजी वार्ड में बगीचा निर्माण, वार्ड क्रमांक 35 महालक्ष्मी माता वार्ड में गायत्री कॉलोनी के पास सामुदायिक टिन शेड, वार्ड क्रमांक 46 महात्मा गांधी वार्ड में गांधी नगर रामदेव मंदिर के पास सामुदायिक टिन शेड तथा वार्ड क्रमांक 48 शास्त्री वार्ड में दीनदयाल पुरम स्थित नागा बाबा मंदिर के पास सामुदायिक भवन टिन शेड निर्माण के लिए ₹10-10 लाख की राशि से कार्य किए जाएंगे।
*महापौर ने बताई नगर निगम की विकास यात्रा और चुनौतियां*
कार्यक्रम में श्री हरीश कोटवाले ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपना उद्बोधन दिया।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने नगर निगम द्वारा शहर में किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने शहर के विकास की प्रक्रिया, कार्यों के क्रियान्वयन में सामने आने वाली चुनौतियों तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
*विकास की श्रृंखला को निरंतर आगे बढ़ाने पर दिया जोर*
विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने अपने उद्बोधन में विकास की श्रृंखला को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से उपलब्ध कराई जा रही राशि एवं सहयोग की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से खंडवा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
*बटालियन और जनजातीय संग्रहालय सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर बोले डॉ. विजय शाह*
मुख्य अतिथि जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने अपने संबोधन में खंडवा में बटालियन की स्थापना, जनजातीय संग्रहालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की योजना एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विकास योजनाओं की बेहतर प्लानिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए खंडवा के विकास को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
*पीएम आवास एवं पीएम स्वनिधि हितग्राहियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र और सांकेतिक चेक*
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को अतिथियों द्वारा सांकेतिक चेक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके पश्चात अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने भोजन ग्रहण किया और कार्यक्रम का समापन हुआ।













