
लोकल फॉर वोकल की तर्ज पर विधायक कंचन तनवे ने की रक्षाबंधन की खरीदारी।
छोटे व्यापारियों से सामान खरीदकर त्योहार की खुशियां बांटने का दिया संदेश, लोगों से स्थानीय दुकानदारों को प्रोत्साहित करने की अपील।
खंडवा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्थानीय व्यापार और छोटे व्यवसायियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक कंचन मुकेश तनवे ने लोकल फॉर वोकल की तर्ज पर स्थानीय बाजार से रक्षाबंधन की खरीदारी की। उन्होंने राखी और त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री स्थानीय दुकानदारों से खरीदी और शहरवासियों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक सामान छोटे व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से ही खरीदें। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फार वोकल के संदेश को लेकर त्योहारों के अवसर पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे स्वयं बाजार में पहुंचकर फुटपात से खरीदी कर आमजन को संदेश देती है। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने घंटाघर एवं आसपास के बाजार में पहुंचकर राखी त्यौहार से संबंधित राखी, श्रीफल, रुमाल एवं अन्य सामग्री खरीदी। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि स्थानीय स्तर पर की गई खरीदारी से छोटे व्यापारियों की आय बढ़ती है और उनके परिवारों के त्योहार की खुशियां भी जुड़ी होती हैं।
विधायक कंचन तनवे ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस पर्व पर बाजार से खरीदारी करते समय यदि हम स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों को प्राथमिकता दें तो यह उनके लिए भी किसी उपहार से कम नहीं होगा। स्थानीय उत्पादों और दुकानदारों को प्रोत्साहन मिलने से शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
छोटे व्यापारियों के लिए त्योहार का बड़ा सहारा
उन्होंने कहा कि बड़े प्रतिष्ठानों के साथ शहर के छोटे दुकानदार भी पूरे वर्ष त्योहारों का इंतजार करते हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर होने वाली खरीदारी उनके कारोबार के लिए महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक यदि अपनी जरूरत का सामान स्थानीय बाजार से खरीदता है तो उसका सीधा लाभ छोटे व्यवसायियों को मिलता है।
स्थानीय बाजार से खरीदारी का आग्रह
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील का उद्देश्य शहर के छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर स्थानीय स्तर पर तैयार सामग्री, राखी, मिठाई और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी कर हम अपने आसपास के व्यापारियों के साथ खड़े हो सकते हैं।
विधायक कंचन तनवे ने शहरवासियों से आह्वान किया कि इस रक्षाबंधन पर स्थानीय दुकानदार से खरीदें, छोटे व्यवसायी को बढ़ाएं और उसके परिवार की खुशियों में सहभागी बनें।










