
विधिक विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर संपन्न
—
महारानी लक्ष्मी बाई विद्यालय, खंडवा में सोमवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला न्यायाधीश श्री वीरेंद्र जोशी ने छात्राओं को प्रेरणादायी संबोधन देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय करने के बाद निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से अपने उद्देश्य को प्राप्त करता है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक अथवा सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के विधिक अधिकारों और उपलब्ध कानूनी संरक्षण के संबंध में भी छात्राओं को जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ज्योत्सना सोनी, पैरालीगल वॉलंटियर सुश्री नेहा यादव तथा विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।











