
आस्था और संवाद का संगम, कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने की धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात।

खंडवा। नागपुर में आयोजित कथा के दौरान मंत्री कुंवर विजयशाह ने संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट की। यह मुलाकात धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर सार्थक संवाद का केंद्र बनी। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस अवसर पर मंत्री विजय शाह ने कथा में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम आज देशभर में श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था के साथ पहुंच रहे हैं।
मुलाकात के दौरान विजय शाह ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में ऐसे आध्यात्मिक मार्गदर्शकों की आवश्यकता है, जो युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ सकें।
दोनों के बीच धर्म, संस्कृति, युवाओं के मार्गदर्शन और समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस मुलाकात को आस्था और संवाद के समन्वय के रूप में देखा जा रहा है।











