
छपारा (सिवनी): मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था उद्गम स्वास्तिक फाउंडेशन द्वारा रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छपारा में स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छपारा अस्पताल के बीएमओ इनवाती सर की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है और इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की और वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अभिषेक, उपाध्यक्ष पीयूष एवं सचिव अंकित के साथ सदस्य अंशुल, तरेंद्र, शैलेन्द्र, चंदन, चेतन, जीतेन्द्र, साजन, कार्तिक, वसु, प्रिंस, हेमंत, ओम, दीपेश, शिवांश सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह स्वच्छता अभियान छपारा नगर में प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर नियमित रूप से चलाया जाता है, जिसका उद्देश्य जनजागरूकता बढ़ाना और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाना है।
अभियान के समापन पर सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इसी तरह निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।











