
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश , यातायात में बाधक अतिक्रमण हटाकर सड़क मार्गों का चौड़ीकरण किया जाए
—
#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने गुरूवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि खण्डवा शहर स्थित दूध तलाई से ईदगाह-बंगाली कॉलोनी होते हुए झीलोद्यान मार्ग के आसपास अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण करने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने रामेश्वर रोड से इमलीपुरा होते हुए बड़ाबम चौक तक के मार्ग के आसपास का अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण कराने के लिए भी नगर निगम आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने दूधतलाई के सामने स्थित नेहरू स्कूल की बाउंड्रीवाल के पास रखी गुमटियों को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमित रूप से करें। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार राय, अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी और श्री महेंद्र तारणेकर सहित पुलिस प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने नशा मुक्ति के सम्बंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय को दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों एवं हायर सेकेंड्री स्कूलों में नशा मुक्ति जागरूकता क्लब गठित करें। उन्होंने बैठक में मथेला के रेलवे ओवरब्रिज वाली रोड पर सिहाड़ा पंचायत के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि ओंकारेश्वर में अवैध तरीके से होने वाली शराब की बिक्री को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने ओंकारेश्वर में बिकने वाले देशी घी, मावा और मिलावटी लाल मिर्च के नियमित रूप से सैंपल लेकर प्रयोगशालाओं के माध्यम से उनकी जांच कराने के निर्देश खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के शहरों में रेत के अवैध भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ित पक्ष के जाति प्रमाण पत्र प्राथमिकता से बनाएं, ताकि पीड़ित पक्ष को समय सीमा में राहत दी जा सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारी समितियों और सहकारी बैंक के गबन और घोटालों के मामले में दोषी अधिकारी कर्मचारियों से गबन की राशि वसूली की कार्यवाही समय सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में एफआईआर लंबित है, उनमें तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने यातायात, सड़क सुरक्षा, अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही, सनसनीखेज अपराधों के सम्बंध में की गई कार्यवाही, सहकारिता विभाग से सम्बंधित गबन घोटालों के संबंध में की गई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की।










