
निमाड़ की ओर बढ़े गुरूदेव आदित्यसागरजी के चरण।
खंडवा में 11 अप्रैल होगा भव्य जिन प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव, झूमेगा सकल जैन समाज।
खंडवा। बड़े हर्ष का विषय है कि संस्कार धार्मिक नगरी खंडवा में आगामी 11 से 16 अप्रैल तक आयोजित होने वाले भव्य जिन प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर संपूर्ण जैन समाज में उत्साह का वातावरण है। इस महोत्सव के निर्देशन, संपादन एवं पावन सानिध्य हेतु पूज्य मुनि श्री 108 आदित्यसागरजी मुनिराज का पदविहार इंदौर से खंडवा की ओर प्रारंभ हो गया है,समाज सचिव,पंचकल्याक महोत्सव के प्रचार मंत्री सुनील जैन प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि मुनिश्री अपने ससंघ के साथ लगभग 130 किलोमीटर की दूरी मात्र छह दिनों में पदविहार करते हुए तय करेंगे। चिलचिलाती धूप में कठोर तप, एक समय आहार एवं संयमित जल ग्रहण के नियमों का पालन करते हुए उनका यह विहार त्याग, तपस्या और साधना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
इस पावन विहार में इंदौर, खंडवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के अनेक श्रावकगण भी सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं। समिति के प्रचार मंत्री सुनील जैन, प्रेमांशु चौधरी, पंकज सेठी ने बताया कि खंडवा के बजरंग चौक स्थित महावीर जिन मंदिर में नवीन जिन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा पूज्य मुनिश्री के सानिध्य में पूर्ण धार्मिक विधि-विधान एवं भव्य आयोजन के साथ संपन्न की जाएगी। पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत सौधर्म इंद्र पात्र के रूप में संजय कासलीवाल अपने सहयोगी इंद्र पात्रों के साथ मुनिसंघ के समक्ष उपस्थित होकर आहारचर्या एवं विहार में सेवा का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं। संपूर्ण पंचकल्याणक महोत्सव अयोध्या नगरी तापड़िया बिजनेस पार्क गार्डन में आयोजित किया जाएगा। मुनिसंघ का खंडवा में मंगल प्रवेश 7 अप्रैल तक संभावित है। 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मुनिराज के सानिध्य में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। पंचकल्याणक समिति के प्रमुख दिलीप पहाड़िया एंव समाज के सचिव सुनील जैन ने बताया कि अयोध्या नगरी में तैयारियाँ तीव्र गति से चल रही हैं तथा समाज के सहयोग से इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है। पंचकल्याणक समिति पदाधिकारी ने समस्त जैन समाज एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का विनम्र आग्रह किया गया है।








