
सिवनी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Economic Offences Wing (EOW) जबलपुर की टीम ने सोमवार को ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सिवनी बस स्टैंड के पास की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी शिवचरण नागवंशी (40) पिता नंदकुमार नागवंशी, निवासी जान्हवी नगर, चुनाभट्टी के पास ग्राम पलारी, पिछले 4–5 वर्षों से गांव में टपरिया बनाकर रह रहे हैं। उनके पास रहने की अन्य कोई व्यवस्था नहीं है।
बताया गया कि सरपंच रामगोपाल डेहरिया द्वारा टपरिया में सुधार कार्य की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। लगातार हो रही मांग और प्रताड़ना से परेशान होकर शिवचरण नागवंशी ने 2 मार्च 2026 को EOW जबलपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद EOW टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें सरपंच द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 9 मार्च 2026 को EOW की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सिवनी बस स्टैंड के पास सरपंच को रिश्वत लेते समय रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के पास से 15,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की। इसके बाद सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया।
EOW ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













