
सिवनी। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह,अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुभागवार संबंधित बीएमओ से आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाकर वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र जल्द जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के एचपीवी (HPV) टीकाकरण की अनुभागवार प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन कर उनके अभिभावकों को टीकाकरण के लाभों की जानकारी दी जाए, ताकि शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही स्कूलों और छात्रावासों में भी इस आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पुराने जल स्रोतों के संरक्षण और नए जल स्रोतों के निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से सभी निर्माणाधीन भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में भीमगढ़ डेम में उपलब्ध जल की स्थिति की जानकारी लेकर कलेक्टर ने सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई), नगरपालिका और जल संसाधन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और समय-सीमा प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों तथा न्यायालयीन प्रकरणों में भी प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में गिरदावरी पंजीयन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।













