
रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ सामाजिक महासंघ झाबुआ द्वारा आयोजित पौधा वितरण महाअभियान के अंतर्गत 21 हजार पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाते हुए पौधों का वितरण किया गया। पौधों की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक हितग्राही का पंजीयन भी किया गया।
कार्यक्रम में पद्मश्री महेश शर्मा, रमेश परमार, शांति परमार, जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदीप महाणिक, ओम जी शर्मा, किरण शर्मा, अशोक जी शर्मा तथा राजेंद्र यादव अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण का आह्वान किया।
महाअभियान के दौरान आम, जाम, सीताफल, नींबू, पीपल, सुरजना, बेलपत्र, नीम, जामुन, तुलसी, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि सामाजिक महासंघ द्वारा पिछले पांच वर्षों में वितरित किए गए पौधों में से लगभग 1 लाख 20 हजार पौधे आज भी सुरक्षित एवं हरे-भरे हैं, जो अभियान की सफलता का प्रमाण हैं। इन पौधों से ग्रामीणों को फल, छाया तथा आजीविका के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, वहीं माताओं एवं परिवारों को पूजा-अर्चना के लिए फूल एवं पत्तियां भी उपलब्ध हो रही हैं।
सामाजिक महासंघ झाबुआ के इस अभिनव प्रयास की जिलेभर में सराहना की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।











