
मेरठ। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक धंधों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार शाम मेरठ पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने संयुक्त रूप से शहर के चार अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 20 युवतियों और 4 मैनेजरों को हिरासत में लिया है।
इनपुट के आधार पर हुई कार्रवाई पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के कुछ स्पा सेंटरों में बिना रजिस्ट्रेशन के संदिग्ध गतिविधियाँ और देह व्यापार (जिस्मफरोशी) का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से एक साथ चार ठिकानों पर दबिश दी।
मॉल और मोहल्लों में चल रहा था धंधा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि ये सेंटर पॉश इलाकों और मॉल्स में संचालित हो रहे थे:
मंगल पांडे नगर: यहाँ दो स्पा सेंटरों पर छापा मारा गया।
गढ़ रोड: एक स्पा सेंटर यहाँ संचालित मिला।
दिल्ली रोड: एक बड़े मॉल के अंदर चल रहे स्पा सेंटर को भी पकड़ा गया।
व्हाट्सएप के जरिए होती थी बुकिंग
जांच में सामने आया है कि इन सेंटरों पर ग्राहकों की डीलिंग व्हाट्सएप के माध्यम से की जाती थी। व्हाट्सएप पर रेट तय होने के बाद ग्राहकों को सेंटर पर बुलाया जाता था। पुलिस ने मौके से कई रजिस्टर बरामद किए हैं, जिनमें ग्राहकों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं।
फर्जी दस्तावेज और संदिग्ध सामग्री छापेमारी के दौरान पुलिस को किसी भी सेंटर के पास वैध कागजात नहीं मिले। एक सेंटर पर मैनेजर ने ‘मसाज पार्लर’ का सर्टिफिकेट दिखाया, जो प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत हो रहा है। इसके अलावा, सेंटरों से कुछ ऐसी आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है जो वहाँ चल रहे अनैतिक कार्यों की पुष्टि करती है।
पुलिस का बयान पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए सभी लोगों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के दफ्तर ले जाया गया है, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इन सेंटरों के मुख्य संचालकों और मालिकों की तलाश में जुट गई है।








