
बाल दिवस पर ‘कर्म योद्धा फाउंडेशन’ की अनूठी पहल: गरीब बच्चों के लिए शुरू हुआ ‘विद्या रथ’
हस्तिनापुर (मेरठ)। बाल दिवस के उपलक्ष्य पर समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय ‘कर्म योद्धा फाउंडेशन’ ने शिक्षा की ज्योति फैलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फाउंडेशन ने ‘विद्या रथ’ नामक एक पहल की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से गरीब और असहाय परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी।
विशाल बत्रा ने किया शुभारंभ
शिक्षा के इस नेक कार्य का शुभारंभ हस्तिनापुर पब्लिक स्कूल के अध्यापक श्री विशाल बत्रा जी ने फीता काटकर किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए उनसे उनके भविष्य के लक्ष्य पूछे। बच्चों ने जवाब में पुलिस, फ़ौजी, डीएम, और आईपीएस बनने की इच्छा ज़ाहिर की, जिस पर श्री बत्रा ने सभी को खूब मेहनत करने का आशीर्वाद दिया।
शिक्षा को कोई छीन नहीं सकता
इस अवसर पर, फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री मोहित शर्मा जी ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यकर्ता श्री आज़ाद जी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “शिक्षा ही एकमात्र ऐसी पूंजी है, जिसे आपसे कोई छीन नहीं सकता।”

बच्चों की ज़रूरतों का भी रखा जाएगा ध्यान
फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि ‘विद्या रथ’ पहल का उद्देश्य सिर्फ पढ़ाना नहीं है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई से संबंधित सभी ज़रूरी ज़रूरतों को भी पूरा करना है ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए।
इस पहल को सफल बनाने के लिए फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहित शर्मा जी, आजाद जी, अंकुर, प्रशांत, विवेक, संजीव, बंटी, विनीत, रजत और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



