खरगोन 17 सितंबर 2025। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 सितंबर को धार जिले के भैंसोला में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया गया है। इस दौरान ’स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया और सुमन सखी चैटबॉट का लोकार्पण भी किया। खरगोन में जिला स्तरीय कार्यक्रम पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश सिंह, एसडीएम श्री वीरेन्द्र कुमार कटारे, सीएमएचओ डॉ. एमएस सिसोदिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री संजय भारद्वाज, स्वनिधि योजना प्रभारी श्री उमेश जोशी, कार्यक्रम संयोजक श्री नरेंद्र (अतिशेय) जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बापूसिंह परिहार सहित अन्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि जिले में विभिन्न अभियानों की शुरुआत की जा रही है। जिनमें मुख्य रूप से ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा है। जिसका उद्देश्य गांवों से लेकर शहरों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना और नागरिकों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों की साफ-सफाई तो रखते हैं, लेकिन घरों के पीछे की गलियां गंदी रह जाती हैं। यदि नागरिक गलियों में कचरा नहीं फेंकेंगे तो नगर पालिका का कार्य आसान होगा और स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कहा कि ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिसके लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर और महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला गांव-गांव में जागरूकता फैलाएगा। अभियान में महिलाओं के साथ पूरे परिवार के स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों को खान-पान में शुगर, ऑयल और फैट जैसे खाद्य पदार्थों को कम कर फल, सब्जियों व पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 05 वर्ष से कम आयु के बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिवारों को उचित गतिविधियों पर ध्यान देना आवश्यक है। यह अभियान जिले में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।
विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत पूरे देश में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। गरीबी और गंदगी देश को पीछे ढकेलने के मुख्य कारण हैं। इसलिए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से गरीबों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब गंदगी कम होगी तो ही स्वास्थ्य बेहतर होगा और स्वास्थ्य बेहतर होगा तो देश में समृद्धि आएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को सशक्त बनाया है और हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं। स्वच्छता अभियान चलाकर पूरे देश को सफाई का सलीका सिखाया। आज गांव-गांव में शौचालय हैं और गरीब वर्ग को आवास की सुविधा मिली है। दूसरे देश अपने देश से प्रेरणा लेकर भारत जैसा बनना चाहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पाटीदार और कलेक्टर सुश्री मित्तल ने एनएसएस छात्रों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये छात्र महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्राम जामली में सफाई कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस दौरान कलेक्टर सुश्री मित्तल ने सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री स्वनिधि ऋण, सिकलसेल पॉजिटीव बच्चों व गर्भवती महिलाओं को कार्ड का वितरण किया गया। इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत लोक मेले का भी शुभारंभ किया गया।
इस दौरान रक्तदान शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह, एसडीएम श्री कटारे एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री भारद्वाज द्वारा रक्तदान किया गया और लोगों को भी रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह का शुभारंभ कर प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही ’एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया।