
गंगधार/झालावाड़ (आबिद मंसूरी)
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्डिया लाखा ने जीता खो-खो जिला खिताब, राज्य स्तर पर करेगा प्रतिनिधित्व

झालावाड़, 17 सितम्बर – झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र के देवपुरा गांव में दिनांक 14 से 17 सितम्बर तक आयोजित 14 वर्षीय आयु वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर से कई विद्यालयों ने भाग लिया, जिसमें खो-खो खेल में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्डिया लाखा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में बर्डिया लाखा की टीम ने बिट्टू खेड़ी को 10 अंकों के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि में खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ ही पीटीआई श्री राधा मोहन सैनी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री ओमप्रकाश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस जीत के साथ ही विद्यालय की टीम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झालावाड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेगी, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय परिवार, अभिभावकों व ग्रामवासियों ने विजयी टीम को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।










